IPL इतिहास के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी ने एक बार फिर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की कमान संभाल ली है। धोनी ने अब तक CSK को 2010, 2011, 2018, 2021 और 2023 में कुल पांच आईपीएल खिताब दिलाए हैं, साथ ही दो चैंपियंस लीग ट्रॉफी भी अपने नाम की हैं। IPL 2025 में रुतुराज गायकवाड़ के चोटिल होने के बाद 43 वर्षीय धोनी ने बिना किसी झिझक के कप्तानी की जिम्मेदारी संभाल ली।
CSK ने 10 अप्रैल को आधिकारिक बयान जारी कर बताया कि धोनी एक बार फिर टीम के कप्तान होंगे। यह 2023 के फाइनल के बाद पहली बार होगा जब धोनी टीम की अगुवाई करेंगे। हालांकि इस सीज़न में धोनी को बहुत देर से बल्लेबाजी के लिए आने को लेकर आलोचना झेलनी पड़ी, फिर भी उन्होंने टीम की ज़रूरत को प्राथमिकता दी।
कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने की पुष्टि
कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ एक अहम मुकाबले से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में CSK के मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने धोनी की कप्तानी वापसी को लेकर कहा:
“उन्होंने (धोनी) तुरंत हां कह दिया और हमारी मदद करने के लिए तैयार थे। इसमें कोई संदेह नहीं था।”
BCCI के नए नियम के तहत जो खिलाड़ी 5 साल या उससे अधिक समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से रिटायर हो चुके हैं, उन्हें अनकैप्ड खिलाड़ी माना जाएगा। इसी आधार पर धोनी को अब अनकैप्ड खिलाड़ी की श्रेणी में रखा गया है।
रुतुराज गायकवाड़ ने दर्द में खेला, लेकिन अब टूर्नामेंट से बाहर
फ्लेमिंग ने बताया कि रुतुराज को 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में हुए मैच में तुषार देशपांडे की बाउंसर से चोट लगी थी। X-ray रिपोर्ट स्पष्ट नहीं थी, इसलिए वह दर्द के बावजूद दो मैचों में खेले। लेकिन जब MRI हुआ तो उनके कोहनी के पास रेडियल नेक में फ्रैक्चर पाया गया।
“हम रुतुराज के जज्बे की सराहना करते हैं,” फ्लेमिंग ने कहा। “उन्होंने टीम के लिए पूरी कोशिश की, लेकिन अब वह टूर्नामेंट से बाहर हो चुके हैं।”
तीन सीजन में दूसरी बार बीच टूर्नामेंट में कप्तान बने धोनी
यह पिछले तीन सीजन में दूसरी बार है जब धोनी ने सीज़न के बीच में कप्तानी संभाली है। 2022 में भी CSK की खराब शुरुआत के बाद धोनी ने रविंद्र जडेजा से कप्तानी वापस ली थी। बाद में जडेजा भी चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
इस बार भी CSK का प्रदर्शन निराशाजनक रहा है। टीम ने अब तक पांच में से चार मुकाबले गंवाए हैं और दस टीमों की अंक तालिका में नौवें स्थान पर है।
गायकवाड़ के विकल्प पर विचार करेगी CSK
फ्लेमिंग ने बताया कि टीम गायकवाड़ के विकल्प पर विचार कर रही है। गायकवाड़ अब तक 122 रन बना चुके हैं, और 150.61 की स्ट्राइक रेट से CSK के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।
“हम सबसे पहले अपनी टीम में मौजूद विकल्पों को देखेंगे,” फ्लेमिंग ने कहा। “साथ ही, भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्क्वाड को और मज़बूत करने का भी मौका है।”
🚨 News 🚨
🗣 #CSK Head Coach Stephen Fleming announces MS Dhoni’s return to captaincy as Ruturaj Gaikwad is ruled out of #TATAIPL 2025 due to an injury. pic.twitter.com/Far8uAleam
— IndianPremierLeague (@IPL) April 10, 2025
ये भी पढ़ें : IPL2025 RCB VS DC : अक्सर पटेल ने मैच के बाद मानी अपनी गलती कहा 19 वा ओवर खुद से करवाने का फैसला गलत साबित हुआ …|